लखनऊ में बारातियों से भरी बस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि 14 गंभीर घायल हो गए। बस सुल्तानपुर से इटावा जा रही थी। इसमें 35 लोग सवार थे। दुर्घटना में दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद गाड़ियों को क्रेन की मदद से सड़क के किनारे किया गया और जाम खुलवाया गया। घटना बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित किसान पथ पर मंगलवार शाम 7 बजे हुई। दैनिक भास्कर टीम ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बस ड्राइवर और बस में सवार बारातियों से बातचीत की। सभी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर की गलती की वजह से हादसा हुआ। बस ड्राइवर ने कहा- अचानक ट्रक डिवाइडर कूदकर सामने आ गया। बहुत संभालने की कोशिश की, लेकिन बस उससे भिड़ गई। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सबसे पहले 3 तस्वीरों में देखिए कितना भीषण था हादसा… अब सिलसिलेवार घटना को समझिए… राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी सूचना सरोजनी नगर कंट्रोल रूम को मंगलवार शाम 6:45 बजे घटना की सूचना मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि आउटर रिंग रोड, अनूप खेड़ा में बस और ट्रक की टक्कर हो गई। कई लोग बस में फंस गए। स्थानीय पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया। घायलों को लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान सुल्तानपुर के लकहैता माफी गांव के राम अजोर यादव (76) ने दम तोड़ दिया। राजेश ,कुमार, साधुराम, अमरनाथ, लक्ष्मण यादव, वासुदेव, राजेश कुमार यादव, प्रदीप यादव, शकील, संतोष, संदीप कुमार समेत 14 लोग घायल हुए। गंभीर घायल राजेश कुमार, साधुराम और अमरनाथ को पीजीआई ट्रॉमा- 2 रेफर किया गया। इनकी देखभाल के लिए कुछ लोग अस्पताल में रुक गए। दूल्हा और अन्य गाड़ियों में सवार बाराती इटावा चले गए। सुल्तानपुर से इटावा जा रही थी बारात पुलिस ने बताया कि सुल्तानपुर के लकहैता माफी गांव के हेमंत यादव की शादी इटावा के अजबपुर गांव के रहने वाले चंद्रप्रकाश यादव की बेटी निधि यादव से तय हुई थी। 25 नवंबर को बारात जा रही थी। बारात तय समय पर सुल्तानपुर से बसों से इटावा के लिए रवाना हुई थी। आगे बढ़ने से पहले घायलों से जुड़ीं 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए बस ड्राइवर और बारातियों ने जो बताया… ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर रोड क्रॉस कर रहा था बस ड्राइवर शकील अहमद ने कहा- सुल्तानपुर के बहुरहवा बाजार लकहेता गांव से 3 बस बारातियों को लेकर शाम 4:30 बजे इटावा के लिए निकलीं। तीनों बसें साथ में ही चल रही थीं। लखनऊ के आउटर रिंग रोड पर कट न होने की वजह से एक ट्रक छोटे डिवाइडर पर चढ़ाकर रोड क्रॉस कर रहा था। अचानक ट्रक उछलते-कूदते हुए रॉन्ग साइड से सामने आ गया। उसको देखते ही मैंने ब्रेक लगाई, लेकिन स्पीड 60-70 थी। मैंने कंट्रोल करने की बहुत कोशिश की, लेकिन बस नहीं रुकी। डिवाइडर कूदने की वजह से ट्रक उछलते हुए बस की तरफ आया और टकरा गया। ट्रक ड्राइवर की वजह से हादसा हुआ। गनीमत रही कि बस की स्पीड थोड़ी कम हो गई थी, वरना और बड़ा हादसा हो जाता। ट्रक ड्राइवर की गलती से बुजुर्ग की जान गई दूल्हे के मामा अनिल यादव ने बताया कि इस एक्सीडेंट में पूरी गलती ट्रक ड्राइवर की है। बस हाईवे पर चल रही थी। उसकी स्पीड 60-70 ही थी। ट्रक वाले ने डिवाइडर पर चढ़ाकर रोड क्रॉस करनी चाही, जिसकी वजह से बस का एक्सीडेंट हो गया। एक बुजुर्ग की जान चली गई। 14 लोग घायल हो गए। दूल्हा शादी करने गया दूल्हे के मामा अनिल यादव ने बताया कि दूल्हा आर्मी में नौकरी करता है। इस समय जम्मू कश्मीर में पोस्टिंग है। एक्सीडेंट की जानकारी मिलने पर दूल्हा भी मौके पर पहुंचा। मुहूर्त की वजह से दूल्हा अपने पिता और भाई के साथ शादी करने चला गया। ‘चारों ओर मची थी चीख-पुकार’ दूसरी बस में सवार लल्लन प्रसाद ने कहा- वह दूसरी बस में थे। हमारी बस एक्सीडेंट वाली बस से आगे चल रही थी। जैसे हम सबको एक्सीडेंट की जानकारी मिली, तो लौटकर पीछे गए। देखा कि बस एक ट्रक में लड़ी हुई है। चारों ओर चीख-पुकार मची थी। लोग दर्द से कराह रहे थे। इस बीच पुलिस आ गई। घायलों को हॉस्पिटल भेजा गया। ———————– यह खबर भी पढ़िए… लोकगायिका नेहा राठौर के घर पहुंची पुलिस:वाराणसी पुलिस ने दरवाजे पर चस्पा किया नोटिस; लखनऊ पुलिस भी जारी कर चुकी है लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की तलाश में वाराणसी की लंका पुलिस ने लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित उनके फ्लैट पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर किए गए कथित भड़काऊ पोस्ट के मामले में नेहा के खिलाफ वाराणसी में मुकदमा दर्ज है। पुलिस लगातार बयान दर्ज कराने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पूरी खबर पढ़ें…
डिवाइडर पर चढ़कर रॉन्ग साइड पहुंचे ट्रक से भिड़ी बस:ड्राइवर बोला- उछते-कूदते सामने आया ट्रक, लखनऊ में 1 बाराती की मौत; 14 घायल
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
