देवरिया के बरहज नगर स्थित तिवारीपुर मोहल्ले में शनिवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। पेट्रोल पंप मालिक और आलू आढ़तिया उमाशंकर मद्धेशिया के मकान से चोरों ने लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। चोरों ने घर के हर कमरे को खंगालकर लगभग 47 लाख रुपए नकद, 400 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी पर हाथ साफ किया। पुलिस ने सोमवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरी की घटना के समय परिवार के कई सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर केवल उमाशंकर मद्धेशिया के दो बेटों के परिवार मौजूद थे। रात में भोजन के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रविवार सुबह जब वे जागे और बाहर निकले, तब उन्हें चोरी का पता चला। कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारियों व बक्सों को खंगालकर सामान बिखेर दिया गया था। अलमारियों में रखे गहने, कीमती कपड़े और बड़ी मात्रा में नकदी गायब मिली। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिनेश मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह और सीओ राजेश चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गए। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। गृहस्वामी उमाशंकर मद्धेशिया ने पुलिस को बताया कि चोरी में 47 लाख रुपए नकद, 400 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी शामिल है। उन्होंने आशंका जताई कि यह चोरी पूरी तरह से योजनाबद्ध तरीके से की गई है, क्योंकि चोरों ने बिना किसी आवाज के घटना को अंजाम दिया। अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने पुष्टि की कि गृहस्वामी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। जिले में इतनी बड़ी चोरी की घटना के बाद व्यापारी वर्ग में चिंता का माहौल है, और पुलिस पर जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दबाव है।
देवरिया में करोड़ों की चोरी:पेट्रोल पंप के मालिक के घर से 47 लाख नकदी व गहने चोरी, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
📅 Published: December 1, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
