देवरिया में खेत जा रही महिला पर सियार का हमला:गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती, चेहरे पर गंभीर चोट

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरईपुर मंगल राव गांव में शनिवार शाम एक महिला पर सियार ने हमला कर दिया। 46 वर्षीय जय निषा पत्नी लियाकत गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, जय निषा शाम को खेत की ओर गई थीं। तभी झाड़ियों से अचानक निकले सियार ने उन पर हमला कर दिया। सियार ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर काटा, जिससे उनके चेहरे पर भी गहरे जख्म आए हैं। घायल अवस्था में उनकी चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें सियार से बचाया और घर ले आए। परिवारवालों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जय निषा की स्थिति को गंभीर बताया है और उनका इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके शरीर पर गहरे घाव हैं और संक्रमण रोकने के लिए आवश्यक टीके लगाए गए हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि जय निषा की हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की आवाजाही की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सियार को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *