देवरिया। यातायात माह के तहत बुधवार को देवरिया यातायात पुलिस ने जिले भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 141 वाहनों का ई-चालान किया गया और 5 वाहनों को सीज कर थाने भेज दिया गया। यह अभियान यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों, ओवरब्रिजों और व्यस्त चौराहों पर वाहनों की जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों, गलत नंबर प्लेट लगाने वालों, तीन सवारी बैठाकर स्टंट करने वाले युवाओं और अन्य ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। गोरखपुर ओवरब्रिज, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले अनुबंधित बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों का मौके पर ही ई-चालान किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज किया गया। अभियान के साथ-साथ यातायात जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया में छात्रों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के महत्व को समझाया गया। अधिकारियों ने छात्रों से अपने परिवार और परिचितों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करने की अपील की। पुलिस ने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने को कानूनन अपराध बताया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने और युवाओं को वाहन चलाने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया, ताकि सड़क पर किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात विभाग ने बताया कि ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने और यह संदेश देने के लिए आवश्यक हैं कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
देवरिया में 141 वाहनों का ई-चालान, 5 सीज:यातायात नियमों का उल्लंघन करने पुलिस ने की कार्रवाई
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
