दोस्त की कार से कुचलकर हत्या, तीन गिरफ्तार:'हम बड़े तुम बड़े' विवाद में व्यापारी पर चढ़ाई थी सफारी, नशे में थे सभी

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गोंडा जिले में एक वाटर प्लांट संचालक की उसके दोस्तों ने शराब के नशे में सफारी गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के रानीजोत गांव की है, जहां 27 वर्षीय नितिन मिश्रा की हत्या की गई। मृतक के पिता शंकर दयाल मिश्रा ने बताया कि नितिन को उसके दोस्त अतुल पांडे ने अपने साथियों अंशुमान सिंह, अभय तिवारी, वैभव दुबे, विवेक पांडेय और ऋषभ उर्फ रोहित के साथ मिलकर पहले चाय पिलाई और फिर शराब के नशे में धुत होकर सफारी गाड़ी से कुचल दिया। नगर कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अतुल पांडे, सीतापुर निवासी अभय तिवारी और गोंडा निवासी अंशुमान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई सफारी गाड़ी भी बरामद कर सीज कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे वैभव दुबे, विवेक पांडे और ऋषभ उर्फ रोहित सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। नगर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर सभाजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि ‘हम बड़े तुम बड़े’ के विवाद में पहले गाली-गलौज हुई और फिर गुस्से में आकर उन्होंने नितिन पर गाड़ी चढ़ा दी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *