बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बच्चों द्वारा एक दीवार पर अपशब्द लिखने के बाद शुरू हुए इस विवाद में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जानकारी के अनुसार, बच्चों द्वारा दीवार पर अपशब्द लिखे जाने के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट और पथराव में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। पुलिस पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रख रही है ताकि स्थिति और न बिगड़े।
दो पक्षों में झड़प, एक पक्ष के 3 लोग घायल:बागपत में मामूली बात पर हुआ विवाद, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
