गाजियाबाद के नंदग्राम में एमसीए छात्र वतन राणा की संदिग्ध मौत का मामला बढ़ता जा रहा है। सैकड़ों परिजन, स्थानीय लोग और रिश्तेदार नंदग्राम थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। थाने के बाहर सड़क पूरी तरह जाम हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जांच सही दिशा में नहीं कर रही है और अब तक किसी भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन जिस घर में वतन का शव मिला था, उसका मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में आत्महत्या असंभव है और यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। वतन के पिता राकेश राणा और बहन सुरभि ने कहा कि वतन मानसिक रूप से परेशान नहीं था और न ही उसे कोई समस्या थी। इसलिए फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दावा संदिग्ध प्रतीत होता है। परिजनों ने मांग की है कि वतन के चारों दोस्तों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जाए, क्योंकि वे सभी घटना के दिन घर में मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है और हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच में कोई ढील नहीं बरती जा रही है। यह घटना 26 नवंबर को सामने आई थी। नंदग्राम के हाउस नंबर E-183 में वतन राणा अपने घर में फंदे पर लटका मिला। उस समय उसके माता-पिता एक रिश्तेदार की शादी में गए थे और बहन अपनी नौकरी पर थी। शाम को जब रिश्तेदार घर पहुंचे, तो उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद पाया। खिड़की से झांकने पर वतन अंदर लटका हुआ दिखाई दिया। पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नंदग्राम में MCA छात्र वतन राणा की संदिग्ध मौत:सैकड़ों लोग ने थाने को घेरा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
