नवविवाहिता की शादी के एक महीने बाद मौत:बरेली में तालाब में मिला शव, पिता बोले- अभी दहेज का सामान तक नहीं खुला

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 24 वर्षीय ज्योति का शव शनिवार सुबह घर के पीछे बने तालाब में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। परिवार के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे एक पड़ोसी ने तालाब में किसी के गिरे होने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो ज्योति का शव तैरता मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर विनायक अस्पताल और फिर प्रताप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्योति के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 1 नवंबर को हुई थी, जिसे अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को उन्होंने ज्योति को फोन किया था, लेकिन उसने उठाया नहीं। शनिवार सुबह संपर्क करने पर ससुराल वालों ने तबीयत खराब होने और अस्पताल ले जाने की बात कही, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली। मायके पक्ष का कहना है कि ज्योति आत्महत्या नहीं कर सकती। पिता ने यह भी बताया कि उन्होंने शादी में पूरा दहेज दिया था और ज्यादातर सामान अभी तक खुला भी नहीं था, जिससे वे किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। थाना सुभाषनगर प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *