आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क दुर्घटना में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व राज्यमंत्री रमाकांत कश्यप समेत चार लोग घायल हो गए। यह हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायलों को यूपीडा एंबुलेंस द्वारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां राष्ट्रीय सचिव ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। रमाकांत कश्यप अपनी पत्नी व जिलाध्यक्ष पूजा कश्यप, साथी चरन सिंह और कार चालक हरीशंकर के साथ मंगलवार शाम को लखनऊ में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद से मिलने गए थे। लखनऊ से इटावा लौटते समय बुधवार सुबह करीब 5 बजे ठठिया थाना क्षेत्र में 205 किलोमीटर पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। राष्ट्रीय सचिव रमाकांत कश्यप ने मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो सभी कर्मचारी सो रहे थे। करीब डेढ़ घंटे तक भटकने के बाद स्टाफ जागा और उन्हें थोड़ी दवाएं दीं तथा एक एक्स-रे किया गया। सुबह तक किसी डॉक्टर ने घायलों का हालचाल नहीं पूछा। कश्यप ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन धरातल पर आम आदमी को सही उपचार नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से ऐसे लापरवाह डॉक्टरों और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
निषाद-पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की कार डिवाइडर से टकराकर पलटी:4 लोग घायल, लखनऊ से लौट रहे थे; बोले- डॉक्टरों ने हालचाल नहीं पूछा
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
