नोएडा में मुठभेड़ के बाद 3 वाहन चोर गिरफ्तार:3 वाहन किए गए बरामद, सरेंडर करने को कहा तो चला दी गोली

📅 Published: December 1, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

रैकी करने के बाद चार पहिया वाहनों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाशों से पुलिस की संयुक्त टीमों की सोमवार दोपहर फेज दो थानाक्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। गिरोह का सरगना गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथियों को घेराबंदी कर दबोचा गया। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के तीन चार पहिया वाहन बरामद किए। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 27 नवंबर को बदमाशों ने बिसरख निवासी एक व्यक्ति की कार पंचशील चौकी क्षेत्र से चोरी कर ली। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब कार चालक लघुशंका के लिए नीचे उतरा था। मामला संज्ञान में आते ही वारदात करने वाले गिरोह के बदमाशों को दबोचने के लिए सीआरटी, सर्विलांस और फेज दो थाने की टीम को लगाया गया। रविवार दोपहर एक बजे के करीब टीम को इनपुट मिला कि कार चोरी की वारदात करने वाले बदमाश फिर से शहर में दाखिल हुए हैं। जान से मारने की नीयत से किया फायर
इसके बाद पुलिस टीम ने घेरेबंदी करनी शुरू कर दी। टीम जब सेक्टर-92 से बायोडायवर्सिटी पार्क की ओर जा रही थी, तभी बदमाश दिख गए। टीम ने जब घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो वे भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर महज बीस मिनट के भीतर ही दोनों फरार आरोपियों को दबोच लिया। झाड़ियों से बरामद किया गया वाहन
गोली लगने से घायल हुए बदमाश की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी पंकज शाह के रूप में हुई है। 24 साल पंकज गिरोह का सरगना है और बीते कई सालों से दिल्ली के जगतपुरी में रह रहा है। उसके दोनों साथियों की पहचान मध्य प्रदेश के भिंड निवासी विवेक यादव और प्रेमपाल यादव के रूप में हुई है। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के तीन वाहनों को झाड़ियों से बरामद किया। एक अन्य वाहन से गिरोह के बदमाश वारदात करने के पहले रेकी करते थे। उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है पांचवीं पास है गिरोह का सरगना
एसीपी उमेश यादव ने बताया कि गिरोह का सरगना पंकज पांचवीं पास है। विवेक यादव ने आठवीं जबकि प्रेमपाल यादव ने नौंवी तक की पढ़ाई की हुई है। तीनों ही पेशेवर अपराधी हैं। विवेक की उम्र 25 और प्रेमपाल की 28 साल है। प्रेमपाल गिरोह का सबसे उम्रदराज सदस्य है। वारदात का विरोध करने पर लोगों को डराने के लिए बदमाश अपने पास तमंचा भी रखते हैं। बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचा, मोबाइल और 91 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। अन्य जिलों से भी पुलिस बदमाशों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। कच्चे रास्तों का करते हैं इस्तेमाल
गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाते समय रास्ते में आने वाले टोल से बचने के लिए देहात क्षेत्र के कच्चे रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। मोबाइल के माध्यम से पुलिस बदमाशों को ट्रैस न कर सके, इसके लिए वे इंटरनेट कॉलिंग करते हैं। सरगना के अलावा बाकी दोनों बदमाश वर्तमान में हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाशों के अब तक बीस से अधिक चार पहिया वाहनों की चोरी की है। चोरी के वाहनों को बेचकर गिरोह के सदस्यों ने लाखों रुपए की संपत्ति अर्जित की है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *