हरियाणा के पंचकूला जिले में एक बुजुर्ग बुधवार की शाम को टावर पर चढ़ गया। बुजुर्ग टावर को अपने एरिया से हटवाना चाहता है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को समझाकर टावर उतारा गया। पिंजौर की भोगपुर कॉलोनी में बुधवार की शाम करीब 5 बजे बुजुर्ग टावर पर चढ़ गया। बुजुर्ग के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। आसपास में पूछताछ की गई तो बुजुर्ग की पहचान प्रीतपाल के तौर पर हुई। बुजुर्ग के साथ पुलिस की ERV-525 टीम इंचार्ज प्रवीण ने संवाद शुरू किया तो बुजुर्ग ने कहा कि पहले यहां से टावर को हटवाओ, तभी नीचे से उतरेगा। टीम ने समझाया कि इसके लिए वे डीसी से बात करवाते हैं। जिसके बाद बुजुर्ग ने कहा कि उसे अधिकारियों पर भरोसा नहीं है। जिसके बाद टीम ने उसे मौके से ही टावर कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बात करने की बात कही। 12 दिसंबर को आएगी कंपनी की टीम जिसके बाद बुजुर्ग प्रीतपाल नीचे उतरे। उनके नीचे उतरने के बाद टीम ने टावर कंपनी के अधिकारियों से बात की और बुजुर्ग की समस्या का समाधान के लिए बुलाया। जिस पर कंपनी की ओर से 12 दिसंबर को बुजुर्ग के घर पहुंचने का आश्वासन दिया गया है। 3 प्वाइंट में समझिए बुजुर्ग और टावर की कहानी एयरटेल नेटवर्क का है टावर : पिंजौर के जिस टावर को लेकर बुजुर्ग टावर पर चढ़ा है, उसे इंडस कंपनी ने यहां पर लगाया है। टावर पर एयरटेल कंपनी का नेटवर्क लगा है। बुजुर्ग का कहना कि मोबाइल टावर से कैंसर की किरणें निकलती हैं, इसलिए उनके एरिया से इसे बाहर किया जाए। सीमेंट कंपनी से रिटायर हैं बुजुर्ग: पिंजौर की भोगपुर कॉलोनी निवासी प्रीतपाल हिमाचल प्रदेश में ACC सीमेंट कंपनी में जॉब करते थे। 6 साल पहले वे कंपनी से रिटायर हुए हैं। उनका एक बेटा है, जो ऑटोमोबाइल कंपनी में सर्विस मैनेजर है। 5 माह पहले भी टावर चर चढ़े : बुजुर्ग प्रीतपाल टावर हटाने की मांग को लेकर 5 माह पहले भी टावर पर चढ़ गए थे। जिस पर भी उन्हें समझाकर टावर से उतारा गया था। जब भी कोई टेक्नीशियन टावर को चेक करने के लिए आते हैं तो बुजुर्ग टावर पर चढ़ जाते हैं। रिश्तेदार के प्लाट में लगा : बुजुर्ग प्रीतपाल जिस टावर का विरोध कर रहे हैं, वो उनके ही रिश्तेदार के प्लाट में लगा हुआ है। प्रीतपाल की पुत्रवधू के अनुसार वो जिन लोगों के साथ बैठते हैं, उनसे चर्चा में बुजुर्ग के दिमाग में बैठ गया है कि टावर से कैंसर होता है। उसके बाद से उन्होंने टावर का विरोध शुरू कर दिया है।
पंचकूला में मोबाइल टावर पर चढ़ा बुजुर्ग:बोला- कैंसर की तरंगें छोड़ता है, इसे हटवाओ; पहले भी चढ़कर हंगामा कर चुका
📅 Published: December 10, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
