हरियाणा के पंचकूला निवासी एक प्राइवेट स्कूल ऑनर की मां के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला के नाम पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर जमीन के सौदे कर डाले। इस मामले में तहसीलदार सहित छह लोगों को पिंजौर थाना पुलिस ने नामजद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल किया
पंचकूला के पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मां सुशीला के आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल करके पंजाब के लुधियाना तहसील में फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बना दी गई। इस फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर आरोपियों ने उनकी करीब 12 एकड़ जमीन के सौदे भी कर लिए। जब जमीन खरीदने वाले उनसे संपर्क में आए, तब जाकर उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली। दूसरी महिला को पेश कर रचा गया षड्यंत्र
पीड़ित दीपक के अनुसार, पूरे मामले को करनाल निवासी पवन कुमार ने अंजाम दिया। पवन ने एक महिला के साथ मिलकर उसे फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी के लिए लुधियाना ईस्ट के सब-रजिस्ट्रार सुखजीत पाल सिंह के सामने पेश किया। वकील अनिल चावला ने दस्तावेजों की तस्दीक की, जबकि राजेंद्र कुमार बतौर गवाह मौजूद रहा। इसके बाद तहसीलदार सुखजीत पाल सिंह ने पावर ऑफ अटॉर्नी जारी कर दी। आरोपियों ने इसी दस्तावेज का प्रयोग कर जमीन बेचने की साजिश रची। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
पंचकूला के पिंजौर थाना पुलिस के जांच अधिकारी PSI सुखबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धारा 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पंचकूला में लुधियाना के तहसीलदार पर FIR:प्राइवेट स्कूल ऑनर की मां से फ्रॉड; करनाल के व्यक्ति ने बनाई फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी
📅 Published: December 19, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
