पंचकूला के लघु सचिवालय में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटि रहित बनाना था। डीसी सतपाल शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को नियुक्त करें। इन एजेंटों की नियुक्ति का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में कोई गलती न हो और यह साफ-सुथरी हो। बीएलए अपने-अपने क्षेत्रों के बारे में गहरी जानकारी रखते हैं। वे जानते हैं कि कौन 18 वर्ष का हो चुका है और वोट डालने के लिए योग्य है, किसकी मृत्यु हो चुकी है, या कौन स्थायी रूप से कहीं और चला गया है। इस जानकारी के साथ, वे मतदाता सूची को सही करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नहीं मांगे जाते OTP उन्होंने बताया कि किसी भी मतदाता से इस सम्बन्ध में विभाग द्वारा कोई भी ओटीपी या लिंक शेयर करने के लिए अनुरोध नहीं किया जाता है। विभाग द्वारा नियुक्त बीएलओ स्वयं ही मतदाता से व्यक्तिगत सम्पर्क करके जानकारी प्राप्त करेगा। उपस्थित सभी सदस्य इस बारे में मतदाताओं को अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूक करें। 2002 की सूची से हो रहा मिलान जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व की गतिविधि के तहत जिले में सभी बीएलओ द्वारा राज्य में हुए पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची वर्ष 2002 से राज्य के वर्तमान मतदाताओं का मिलान किया जा रहा है। जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। लेकिन उनके माता-पिता, दादा-दादी का नाम भारत के किसी राज्य की या हरियाणा राज्य की किस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के किस भाग (मतदान केन्द्र संख्या) और मतदाता सूची की क्रम संख्या में वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज था, उनके साथ मिलान किया जा रहा है। 25 प्रतिशत कार्य हो चुका पूरा जिले के वर्तमान में 4.38 लाख मतदाताओं में से लगभग 1.30 लाख मतदाताओं को वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ मिलान (मैपड) किया जा चुका है। शेष बचे योग्य मतदाताओं का भी मिलान (मैपड) किया जाना है। बैठक में एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, इलेक्शन विभाग के नायब तहसीलदार अजय राठी, कानूनगो कुलदीप, भारतीय जनता पार्टी से राजेंद्र नौनीवाल, कांग्रेस पार्टी से रणधीर सिंह राणा, आईएनएलडी से भागीरथ, जेजेपी से ईश्वर सिंह सिंहमार, आम आदमी पार्टी से राजीव मनौचा और सीपीआईएम से आरएस साथी उपस्थित रहे।
पंचकूला में SIR पर DC की मीटिंग:2002 की मतदाता सूची से हो रहा मिलान, सभी राजनीतिक दल बुलाए, कहा-बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें
📅 Published: December 10, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
