पंजाब के गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के रिश्तेदार संदीप सिंह रंधावा अचानक से करोड़पति बन गए है। उन्होंने 200 रुपए के लॉटरी टिकट से 1.50 करोड़ रुपए का इनाम जीता है। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। खास बात ये है कि संदीप सिंह को इस लॉटरी का टिकट दुकानदार ने 3 घंटे पहले ही जबरन थमाया था। इसके बाद जब शाम को उन्हें लॉटरी में 1.50 करोड़ रुपए का इनाम जीतने के बारे में बताया गया तो वे हैरान रह गए। इसकी जानकारी उन्होंने परिवार को दी तो सभी खुशी से उछल पड़े। सभी ढोल बजवाते हुए तुरंत दुकानदार के पास पहुंचे और लॉटरी का टिकट जमा कराया। लॉटरी की राशि से क्या करेंगे? इस सवाल पर संदीप सिंह का कहना है कि लॉटरी की राशि आने के बाद उनके घर आने वाले किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को खाली हाथ नहीं लौटाया जाएगा। बता दें कि पांच दिन पहले ही पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में किसान बलकार सिंह ने 7 रुपए की लॉटरी से एक करोड़ रुपए का इनाम जीता है। किसान बलकार सिंह ने 24 दिसंबर को सरहिंद के लॉटरी स्टॉल से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीदा था। संदीप सिंह कैसे बना करोड़पति, बताई पूरी कहानी… बाजार में खरीदारी करने गए थे, दुकानदार ने जबरन दिया टिकट
गुरदासपुर के गांव हरदौ बथवाला निवासी संदीप सिंह रंधावा ने बताया कि वह दोपहर बाद करीब 3-3:30 बजे बाजार में खरीदारी करने गए थे। लॉटरी स्टॉल पर पहुंचने पर उसके मालिक मोहन लाल ने उन्हें जबरदस्ती 200 रुपए का पंजाब स्टेट डियर लॉटरी का टिकट दे दिया। इस लॉटरी का परिणाम उसी शाम 6 बजे घोषित होना था। संदीप के मुताबिक, शाम को परिणाम का पता चला कि वे 1.50 करोड़ रुपए के विजेता बन गए हैं। उन्होंने अपने परिवार के साथ बेदी लॉटरी स्टॉल पर जाकर अपना विजयी टिकट जमा करवा दिया। परिवार का खेती-बाड़ी के साथ आटा चक्की चलाने का काम
संदीप सिंह रंधावा ने बताया कि वे खेती-बाड़ी और आटा चक्की चलाने का काम करते हैं। गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा उनके रिश्तेदार हैं। संदीप पहले सांसद के पैतृक गांव धरोवाली में रहते थे, लेकिन अब वे गुरदासपुर में निवास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह आमतौर पर लॉटरी नहीं खरीदते, लेकिन इस बार उन्हें जबरदस्ती टिकट दिया गया था। संदीप ने कहा कि उनके घर आने वाले किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को खाली हाथ नहीं लौटाया जाएगा। दुकानदार बोला- पहले भी कई लोग करोड़पति बन चुके
इस सबंध में लाटरी स्टॉल के मालिक मोहन लाल ने बताया कि इस से पहले भी उनके स्टॉल से लाटरी खरीदने वाले करोड़पति बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाई जा रही लाटरी से कई लोगों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2018 में उनके स्टॉल से पहला करोड़पति बना था। दो माह पहले 11 साल के बच्चे ने जीती थी 1 करोड़ की लॉटरी
दो माह पहले ही पंजाब के लुधियाना में 11 साल का बच्चा आरव करोड़पति बना था। आरव मूलरुप से होशियारपुर का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में वह अपने मामा करण के साथ लुधियाना के हैबोवाल में रह रहा था। 31 अक्टूबर को वह बाजार गया था। यहां लॉटरी की दुकान पर भीड़ देख उसने भी मामा को टिकट खरीदने के लिए कहा। मामा ने कहा कि ये खेल अच्छा नहीं होता। इससे दूर रहना चाहिए। मगर, जिद करने पर मामा ने आरव के नाम से एक टिकट ले लिया। यह दुकान का आखिरी टिकट था। अब इसका रिजल्ट घोषित हुआ तो आरव के नाम के टिकट पर एक करोड़ का इनाम निकला था। पंजाब में लॉटरी का ये है सिस्टम… पंजाब में ऑनलाइन लॉटरी पर पूरी तरह से बैन
पंजाब में ऑनलाइन लॉटरी पर पूरी तरह से बैन है। पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग न तो ऑनलाइन टिकट बेचता है और न ही चलाता है, हमेशा असली टिकट ही खरीदें और वो भी सिर्फ अधिकृत विक्रेताओं से। फोटो या ऑनलाइन कॉपी वाला टिकट मान्य नहीं होता। विभाग कभी भी विजेताओं से ऑनलाइन पेमेंट या टैक्स के नाम पर पैसे नहीं मांगता। अगर, आपको कोई संदिग्ध मैसेज मिले या ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। 30 दिन में करना होता है इनामी रकम के लिए दावा
लॉटरी का इनाम जीतने वाले टिकट को पंजाब स्टेट लॉटरीज के निदेशक कार्यालय, योजना भवन, प्लॉट नंबर 2B, सेक्टर-33A, चंडीगढ़ में परिणाम प्रकाशित होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर जमा कराने होंगे। यह आवेदन निर्धारित फॉर्म पर या तो खुद जाकर या पोस्ट के जरिए भेजा जा सकता है। अगर विजेता का दावा 30 दिनों के अंदर निदेशालय तक नहीं पहुंचता है तो पंजाब स्टेट लॉटरी नियम 2015 के तहत उसका इनाम पाने का अधिकार खत्म हो जाएगा। इनाम की राशि जारी करते समय उस पर लागू टैक्स (TDS) पहले से काट लिया जाएगा। ————- ये खबर भी पढ़ें… एक करोड़ की लॉटरी जीतने वाला किसान:फतेहगढ़ साहिब से 7 रुपए में लिया टिकट, शहीदी समागम में लंगर सेवा करते समय मिली खबर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में किसान ने 7 रुपए की लॉटरी से एक करोड़ रुपए का इनाम जीता है। किसान बलकार सिंह ने 24 दिसंबर को सरहिंद के बिट्टू लॉटरी स्टॉल से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीदा था। लॉटरी का परिणाम उसी दिन घोषित हो गया था, लेकिन कई दिनों तक इस बड़े इनाम की जानकारी सामने नहीं आ पाई थी। (पूरी खबर पढ़ें)
पंजाब के सांसद का रिश्तेदार 3 घंटे में बना करोड़पति:₹1.50 करोड़ की लॉटरी जीती; बोले-दुकानदार ने जबरदस्ती दिया था 200 रुपए का टिकट
📅 Published: January 4, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
