पत्नी ने नहीं दिया कंघा तो पति ने दी जान:घर में तमंचे से सीने में गोली मारी, बात अनसुना कर चली गई थी पत्नी

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल जिले में पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अवैध तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कैलादेवी थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रामचरण पुत्र वीरेश कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से धनारी थाना क्षेत्र के हरपरी गांव का निवासी था। रामचरण का अपनी पत्नी कुसुम देवी से बाल काढ़ने के लिए कंघा मांगने पर विवाद हुआ था। पत्नी ने उसकी बात अनसुनी कर दी और घर से बाहर चली गई। पत्नी और बच्चों के घर से बाहर जाने के बाद रामचरण ने घर में रखे 12 बोर के तमंचे से अपने सीने में गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके ससुर कर्रु जब घर पहुंचे तो उन्होंने दामाद को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। घटना की सूचना मिलने पर पत्नी घर लौटी और पति के शव को देखकर उसका रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार में भी कोहराम मच गया। रामचरण पिछले चार वर्षों से अपनी ससुराल रोरादीप में गांव के बाहर एक अलग मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। उसके माता-पिता का निधन हो चुका था और दो भाइयों की भी मौत हो चुकी थी। उसका एक भाई चरण सिंह दिल्ली में रहता है। रामचरण ने अपनी सारी जमीन बेचकर ससुराल में मकान बनाया था। वह अपने पीछे चार बच्चों निशांत, कृष्णा, दीक्षा और प्रिया को छोड़ गया है। थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी ने बताया कि युवक के पत्नी से विवाद होने के बाद सुसाइड करने की जानकारी मिली थी। परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है, शव का फिलहाल पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *