लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित हंसखेड़ा चौकी के अंतर्गत रविवार सुबह एक नाले में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 7 बजे पारा तिकोनिया से नहर तिराहा मार्ग पर कुल्हण कट्टा मोड़ के सामने नाली में यह शव पड़ा मिला। पुलिस टीम ने शव का प्रारंभिक निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई गई है और शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। शुरुआत में स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में, शव की तलाशी के दौरान मिले मोबाइल फोन से परिजनों के संपर्क नंबर प्राप्त हुए। इसके बाद मृतक की पहचान हरदोई जिले के टड़ियावां थाना अंतर्गत ग्राम एकघरा निवासी रामसागर पुत्र लठ्ठा के रूप में हुई। माली का काम करता था परिजन ने पुलिस को बताया कि रामसागर पारा क्षेत्र में विजय श्रीवास्तव के यहां माली का काम करता था। मृतक के भतीजे रजनीश के अनुसार, रामसागर शराब पीने का आदी था और उसकी पत्नी उसे काफी समय पहले छोड़कर चली गई थी। रामसागर पांच भाइयों में से एक था, जिनमें से तीन की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पारा पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पारा में नाले में मिला अधेड़ का शव:उम्र करीब 45 साल, हरदोई का रहने वाला था
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
