पीयूष हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:बदमाश के पैर में लगी गोली, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

चंदौली जिले के सैयदराजा थानाक्षेत्र में शनिवार को पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान पीयूष सिंह उर्फ छोटू हत्याकांड के मुख्य आरोपी सवरू उर्फ रितेश यादव (काजीपुर गांव निवासी) के रूप में हुई है। कल्याणपुर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस से घिरे बदमाश ने खुद को बचाने के लिए तमंचे से फायर किया। गोली सिपाही विष्णुदत्त प्रजापति की बांह को छूते हुए निकल गई। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गौरतलब है कि 23 नवंबर की देर शाम बगही गांव के पीयूष सिंह उर्फ छोटू की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसी हत्याकांड की जांच के दौरान शनिवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कल्याणपुर के पास रेलवे लाइन के किनारे मौजूद है। सैयदराजा और सदर कोतवाली की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेर लिया। पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को पहले सीएचसी बरहनी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसका इलाज जारी है। पुलिस टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह, अवधेश नारायण, रामकुमार दुबे, नसीरुद्दीन हुंमायु, विष्णु प्रजापति, पवनेश कुमार और विरेश कुमार शामिल थे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *