पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम सकरिया में मंगलवार को 16 एकड़ जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने फायरिंग करने वाले छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विवाद की जड़ लगभग 16 एकड़ जमीन है। मनमोहन सिंह चब्बा ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में जब वह बीमारी के कारण महाराष्ट्र में इलाज करा रहे थे, तब उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर त्रिलोचन सिंह, रणजीत कौर और कुलवंत कौर ने उनकी माता स्वर्गीय नरेंद्र कौर से धोखाधड़ी कर जमीन का रजिस्टर्ड बैनामा करा लिया था। आरोप है कि इस बैनामे का कोई भुगतान नहीं किया गया था। वर्तमान में यह जमीन मनमोहन सिंह के ही कब्जे में है। दोनों तरफ से हवाई फायरिंग शुरू मंगलवार को त्रिलोचन सिंह के पुत्र गुरचेतन अपने रिश्तेदार सतेंद्र कुमार के साथ उक्त जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही मनमोहन सिंह पक्ष के लोग भी मौके पर जमा हो गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों तरफ से हवाई फायरिंग शुरू हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गजरौला बृजवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुरचेतन और सुरेंद्र सिंह सहित चार लोगों को हिरासत में लिया। चूंकि दोनों में से कोई भी पक्ष तहरीर देने को तैयार नहीं था, इसलिए थाना प्रभारी बृजवीर सिंह की ओर से पुलिस ने गुरचेतन सिंह, जयदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह संधू, सत्येंद्र सिंह, हरदीप सिंह और गुरु सेवक सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, एक पौनिया और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
पीलीभीत में 16 एकड़ जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष:हवाई फायरिंग के बाद 6 आरोपी गिरफ्तार, तमंचे-पौनिया बरामद
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
