पीलीभीत की पूरनपुर मंडी समिति के क्रय केंद्र UPSS 3-4 पर मंगलवार सुबह धान खरीद में देरी को लेकर एक किसान और केंद्र प्रभारी के बीच तीखी बहस हुई। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया, जिसके बाद किसानों ने मंडी का गेट बंद कर दिया और खरीद प्रक्रिया बाधित हो गई। केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार (निवासी भैरो कला) ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले धान लेकर आए किसान ने तौल के लिए तत्काल दबाव बनाया। उनके द्वारा नियमों के तहत खरीद की बात कहे जाने पर किसान ने उनसे कहासुनी की और फिर मारपीट की। वहीं, परशुरामपुर निवासी किसान गुरबाज सिंह ने मारपीट के आरोपों का खंडन किया है। किसान ने बताया कि वह पिछले 18 दिनों से धान लेकर क्रय केंद्र पर मौजूद है, लेकिन केंद्र प्रभारी लगातार खरीद टाल रहे थे। सुबह 11 बजे जब उन्होंने खरीद के संबंध में बात की, तभी विवाद हुआ। गुरबाज सिंह ने सिर्फ कहासुनी होने की बात स्वीकार की। विवाद के तुरंत बाद गुस्साए किसानों ने मंडी का गेट बंद कर दिया और जमकर हंगामा किया। किसानों का आरोप था कि उनका धान नहीं तौला जा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी हो रही है। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेता स्वराज सिंह भी मंडी पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों पर फर्जी धान खरीद का आरोप लगाते हुए कहा कि जब किसानों का धान खरीदा ही नहीं जा रहा है तो कागज़ों में खरीद कैसे हो रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस फर्जीवाड़े में संबंधित नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत है। इस घटना के कारण मंडी समिति में स्थित अधिकांश क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया रुक गई। मंडी अधिकारी (MO) प्रदीप कुमार ने बताया कि किसान और केंद्र प्रभारी के बीच मारपीट हुई है, और फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।
पूरनपुर मंडी में धान खरीद पर किसान-प्रभारी में विवाद:मारपीट के बाद किसानों ने मंडी का गेट बंद किया, स्वराज सिंह बोले- फर्जी खरीद हो रही
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
