पूर्वांचल विश्वविद्यालय में नागालैंड स्थापना दिवस मनाया गया:कुलपति ने कहा- सांस्कृतिक विविधता राष्ट्रीय एकता की आधारशिला

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राजभवन के दिशानिर्देशों के तहत नागालैंड स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। आर्यभट्ट सभागार में हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नागालैंड की संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसके माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि नागालैंड स्थापना दिवस भारत की महान एकता और सह-अस्तित्व की भावना की याद दिलाता है। कुलसचिव केशलाल ने सांस्कृतिक विरासत को पहचानने और संरक्षित करने की जिम्मेदारी पर बात की। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य पूरे भारत से भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से जुड़े रहने की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम की रूपरेखा कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रदीप कुमार ने प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की 11 छात्राओं ने नागालैंड के लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसमें कुकी सहित अन्य जनजातीय नृत्यों का आकर्षक प्रदर्शन शामिल था, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर एक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय “नागालैंड प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, वैज्ञानिक एवं विविध विशेषताएँ” था। डॉ. शशिकांत यादव ने इसका समन्वय किया। अभिनव कीर्ति पांडेय ने प्रथम, प्रिया तिवारी ने द्वितीय और मनीष जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नागालैंड-केंद्रित सामान्य ज्ञान क्विज़ में माधवी पांडे, गोल्डी यादव और प्रिया तिवारी ने प्रथम, मूलचंद ने द्वितीय तथा शिवांशु सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसका समन्वय प्रो. विनोद कुमार ने किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोली और पोस्टर प्रदर्शनी ने नागालैंड की बहुरंगी संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। छात्रा साक्षी पाण्डेय द्वारा नागालैंड पर प्रस्तुत कविता को भी सराहना मिली। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित वृत्तचित्र “नागालैंड: संस्कृति से विकास तक” का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *