पूर्व मंत्री ने फफूंद में मतदाता अभियान का निरीक्षण किया:65 नंबर बूथ पर जांच, गलत फॉर्म सुधारने के निर्देश दिए

📅 Published: November 28, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

औरैया। फफूँद नगर में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान का उत्तर प्रदेश के पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बूथों का दौरा कर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व मंत्री ने 2003 की मतदाता सूची का गहन अवलोकन किया और त्रुटिपूर्ण भरे गए फॉर्मों को सही कराने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री ने विशेष रूप से नगर के 65 नंबर बूथ का निरीक्षण किया, जहाँ मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का संग्रह कार्य जारी था। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ रिजवान से जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने अन्य बूथों का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। लाखन सिंह राजपूत ने बताया कि दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,36,484 गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं। इनमें से अब तक 2 लाख 30 हजार से अधिक प्रपत्र जमा हो चुके हैं, जो लगभग 70.34 प्रतिशत संग्रह दर्शाता है। शेष कार्य अभी प्रगति पर है। पूर्व मंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों और संवैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए सभी कर्मचारी व अधिकारी मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए समय पर अपने फॉर्म जमा कराएं और सूची में अपना नाम सत्यापित कर लें। उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में संग्रह कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष प्रेम कुमार गुप्ता, प्रमोद तिवारी, पुजारी गुरु नारायण शुक्ला, मुन्ना गुप्ता सहित कई बीजेपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *