प्रयागराज में 26 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त:फाफामऊ में PDA की कार्रवाई, FIR भी दर्ज होगी

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए शुक्रवार, 28 नवंबर को एक बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। जोन-06, उपजोन 6A क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम और फाफामऊ थाना पुलिस शामिल थी। पीडीए की टीम ने फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा मलाक, चतुरी रोड पर लगभग 26 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। यह प्लाटिंग उमेश मिश्रा, आर.पी, फैजल, नावेद और अन्य व्यक्तियों द्वारा बिना किसी स्वीकृति, नक्शे या अनुमति के की जा रही थी। बड़े पैमाने पर प्लाट काटने और बेचने की शिकायतें मिलने के बाद प्राधिकरण ने यह कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार, भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन कर प्लाटिंग करना पूरी तरह अवैध है। इसके बावजूद कुछ लोग कृषि और गैर-लाभकारी भूमि को अवैध रूप से काटकर बेचने का प्रयास कर रहे थे। प्राधिकरण की टीम ने ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य मशीनों का उपयोग कर प्लाटिंग की सीमांकन रेखाएं, कच्ची सड़कें, चबूतरे और अन्य सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। पीडीए ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध प्लाटिंग में शामिल सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए बिना स्वीकृति के की जाने वाली प्लाटिंग और निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीए प्रवर्तन टीम और फाफामऊ थाना का पुलिस बल सक्रिय रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में चिन्हित सभी अवैध प्लाटिंग पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। पीडीए ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले उसकी वैधता, स्वीकृत नक्शा और प्राधिकरण की मंजूरी अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *