शाहजहांपुर में एक युवक-युवती को साथ घूमते हुए हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। इसके बाद युवती के माता-पिता को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने युवक को सड़क पर जूते-चप्पलों से जमकर पीटा। इस घटना के तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवक पर 20 से अधिक बार चप्पलें बरसाई गईं। यह घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के बरेली मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। युवक लखीमपुर के उचौलिया का निवासी बताया जा रहा है, जबकि युवती की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हिंदूवादी संगठनों ने दोनों को साथ घूमते देखा और शक होने पर युवक का मोबाइल फोन चेक किया। आरोप है कि युवक के मोबाइल में युवती से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो मिले। आपत्तिजनक वीडियो मिलने के बाद युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच सूचना मिलने पर युवती के माता-पिता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने युवक को पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि मां-बाप ने युवक पर 20 से ज्यादा बार जूते-चप्पल बरसाए। मां ने कई बार थप्पड़ भी मारे और एक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए उसे लातें मारीं। वीडियो में एक व्यक्ति युवक के ‘बाट काटने’ की बात भी करता दिख रहा है। घटना के वीडियो देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हालांकि, इस संबंध में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना मिलने के बाद अजीजगंज पुलिस चौकी इंचार्ज को मामले की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
प्रेमिका के परिजनों ने की प्रेमी की पिटाई, VIDEO:20 से ज्यादा चप्पलें मारी, थप्पड़ बरसाए, साथ घूमते हिन्दूवादी संगठन ने पकड़ा
📅 Published: November 26, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
