फर्रुखाबाद जनपद में रविवार शाम को एक ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में मृतक की पहचान 22 वर्षीय अंसार अली के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अंसार अली अपने गांव के दो अन्य व्यक्तियों के साथ किसी काम से राजेपुर जा रहा था। गांव हमीरपुर के पास सामने से गाटर लादकर आ रहा एक ई-रिक्शा बेकाबू होकर उनकी बाइक से टकरा गया। इस टक्कर में अंसार अली और बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, मामूली चोटें लगने के बाद दो अन्य युवक मौके से चले गए, जबकि गंभीर रूप से घायल अंसार अली को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अंसार अली के परिजनों ने बताया कि वह सात भाइयों में छठवें नंबर पर था। उसकी शादी एक साल पहले हुई थी और उसका एक 12 दिन का नवजात बच्चा है। अंसार अली गुड़गांव में नौकरी करता था।
फर्रुखाबाद में ई-रिक्शा-बाइक भिड़ंत, युवक की मौत:परिजनों का आरोप- गाटर ले जा रहा ई-रिक्शा बेकाबू होकर टकराया
📅 Published: November 30, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
