फीस बकाया होने पर छात्र की पिटाई:मां ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया, डीएम से न्याय की गुहार

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सोनभद्र में एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य पर 12वीं कक्षा के छात्र की पिटाई का आरोप लगा है। छात्र पर बकाया फीस जमा न करने के कारण यह कार्रवाई की गई। घटना 14 नवंबर की बताई जा रही है। छात्र की मां ने सदर कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। न्यू कॉलोनी निवासी विभा जायसवाल ने बताया कि उनका बेटा यश जायसवाल जयपुरिया स्कूल में 12वीं का छात्र है। आर्थिक तंगी के कारण वह दो महीने से स्कूल की फीस जमा नहीं कर पाई थीं। विभा जायसवाल का आरोप है कि फीस बकाया होने पर प्रधानाचार्य अक्सर उनके बेटे को छात्रों के सामने अपमानित करते थे। 14 नवंबर को बकाया फीस को लेकर प्रधानाचार्य ने यश की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया और स्कूल में ही बेहोश हो गया था। घटना की जानकारी मिलने पर विभा जायसवाल स्कूल पहुंचीं और अपने बेटे को लेकर सदर कोतवाली गईं। उन्होंने प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी और घायल बेटे का मेडिकल कराने का अनुरोध किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया। बार-बार अनुरोध करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वह अपने बेटे को जिला अस्पताल ले गईं, जहां उसका इलाज कराया गया। पीड़िता ने बताया कि स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर उन्होंने 17 नवंबर को जिलाधिकारी और 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को संबोधित पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। विभा जायसवाल का आरोप है कि जयपुरिया स्कूल एक चर्चित सपा नेता का है और उनकी ऊंची पहुंच के कारण पुलिस प्रधानाचार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगी। उधर लगाए जा रहे आरोपों के बावत जयपुरिया स्कूल के प्रधानाचार्य से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे मौजूद नहीं मिले। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *