बलिया डीएम ने स्पष्ट किया:चेयरमैन की शक्तियां सीज नहीं, ददरी मेला के लिए विशेष अधिकार

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट किया है कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की वित्तीय या प्रशासनिक शक्तियां शासन द्वारा कम नहीं की गई हैं। नगर पालिका के सामान्य कार्यों पर भी कोई रोक नहीं है। जिलाधिकारी को केवल ददरी मेला को सुचारू, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष निर्णयाधिकार प्रदान किए गए हैं। नगर पालिका में सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्य, जैसे वेतन भुगतान और कर्मचारियों की तैनाती, पालिका का दायित्व है। इसके लिए अध्यक्ष नगर पालिका और अधिशासी अधिकारी दोनों जिम्मेदार हैं। वर्तमान में सफाई कर्मियों का वेतन भुगतान न होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा वेतन बिल पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं, लेकिन अध्यक्ष नगर पालिका द्वारा हस्ताक्षर न किए जाने से भुगतान रुका हुआ है, जिसे जनहित के प्रतिकूल बताया जा रहा है। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अध्यक्ष की हस्ताक्षर शक्ति सीज किए जाने या उच्च न्यायालय से रोक लगाए जाने की बातें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं। न तो शासन ने ऐसी कोई रोक लगाई है और न ही न्यायालय से कोई निर्देश प्राप्त हुआ है। 24 नवंबर को विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, एमएलसी रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा की उपस्थिति में नगर के गंभीर कूड़ा संकट पर चर्चा की गई। लोकहित में स्थिति अत्यंत चिंताजनक होने के कारण जिला प्रशासन को कठोर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए। इसके बाद आउटसोर्स फर्म को तत्काल भुगतान कराया गया तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रशासनिक सहयोग देकर सफाई व्यवस्था सुधारने के प्रयास तेज किए गए। अन्य निकायों और विकास खंडों के सफाई कर्मियों को भी आवश्यकतानुसार तैनात किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट और मुख्य राजस्व अधिकारी भी लगातार समन्वय बैठकें कर रहे हैं। नियमित सफाई कर्मचारियों से अपील की गई है कि उनका वेतन अध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षर न करने के कारण रुका है, परंतु वैकल्पिक कार्यवाही कर उनके वेतन भुगतान की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कर्मचारियों का वेतन अतिशीघ्र जारी कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों से जनहित में नगर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने और कूड़ा निस्तारण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *