बलिया की हल्दी पुलिस ने शुक्रवार को अपहरण के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान अपहृत नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। हल्दी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह के कुशल नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह की टीम आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़िता की बरामदगी के लिए क्षेत्र में सक्रिय थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुमन कुमार को नीरपुर ढाला के पास से गिरफ्तार किया गया। सुमन कुमार मधेपुरा सदर, बिहार का निवासी है। पुलिस ने बरामद नाबालिग को नियमानुसार उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्त सुमन कुमार के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। यह मामला 5 अक्टूबर का है। उस दिन हल्दी बाजार गई एक नाबालिग का आरोपी ने अपहरण कर लिया था। पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी का पता न चलने पर 10 अक्टूबर को स्थानीय थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
बलिया पुलिस ने किडनैपर को किया गिरफ्तार:नाबालिग को परिजनों को सौंपा, आरोपी भेजा कोर्ट
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
