बलिया में देव सेवा समिति द्वारा संचालित देवाश्रम की जनपद शाखा ने एक अज्ञात हिंदू पुरुष के शव का अंतिम संस्कार किया। यह संस्कार अवधूत संत निबहना बाबा मुक्ति धाम गढ़मलपुर में संपन्न हुआ। देवाश्रम के जिला संरक्षक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने इसकी जानकारी दी। डॉ. सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली रसड़ा पुलिस ने पोस्टमार्टम संख्या 865/2025 के तहत देवाश्रम की बलिया शाखा को अंतिम संस्कार के लिए यह अज्ञात शव निःशुल्क सौंपा था। अज्ञात शव की लावारिस शव यात्रा देवाश्रम के अंतिम संस्कार दल बलिया के अध्यक्ष दीप नारायण सिंह की अध्यक्षता में पोस्टमार्टम हाउस बलिया से शुरू हुई। ‘जय शिव जय शव’ और ‘राम नाम सत्य है’ के उद्घोष के साथ यह यात्रा अवधूत संत निबहना बाबा मुक्ति धाम गढ़मलपुर पहुंची। यहां देवाश्रम के प्रबंध निदेशक पी.एन. सिंह ने पूरे विधि-विधान से मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार का पूरा खर्च गढ़मलपुर बलिया निवासी अचल बहादुर सिंह ने अपने बड़े पिताजी स्मृतिशेष राम सोच सिंह की स्मृति में वहन किया। इस लावारिस शव यात्रा में देवाश्रम बलिया के जिला सलाहकार सुरेंद्र यादव, पोस्टमार्टम हाउस बलिया के बालेश्वर, देवाश्रम के अंतिम संस्कार दल के अध्यक्ष दीप नारायण सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल प्रताप नारायण सिंह उर्फ भगत सिंह, महाजन गुप्ता, शंकर गोंड, रामायण दूबे, अखिलेश कुमार और पी.एन. सिंह सहित कई सदस्य शामिल रहे। अज्ञात शव का अस्थि कलश देवाश्रम की बलिया इकाई के पास सुरक्षित रखा जाएगा। यदि भविष्य में परिजनों की पहचान होती है, तो उन्हें यह निःशुल्क सौंप दिया जाएगा।
बलिया में देवाश्रम ने लावारिस शव का अंतिम संस्कार किया:पुलिस से प्राप्त अज्ञात शव को विधि-विधान से दी मुखाग्नि
📅 Published: December 2, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
