बस्ती जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के यरता गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मुस्लिम युवक अपनी बारात लेकर एक दलित परिवार के घर पहुंच गया। गांव वालों ने मुस्लिम दूल्हे और बारातियों को दलित परिवार के दरवाज़े पर देखा तो लोग हैरान रह गए। इस घटना की सूचना विश्व हिंदू महासंघ को दी गई। संगठन के पदाधिकारी महेश हिंदुस्तानी और संजय पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूल्हे और बारातियों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यरता गांव निवासी दलित परिवार की बेटी कुछ साल पहले गोंडा जिले में अपने रिश्तेदार के यहां एक विवाह समारोह में गई थी। वहां उसकी मुलाकात पटखौली गांव निवासी साजिद अली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और निकटता बढ़ गई। साजिद ने लड़की से विवाह का प्रस्ताव रखा। शुरुआत में लड़की के परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। हालांकि, बेटी की जिद के बाद परिवार ने अनिच्छा के बावजूद विवाह के लिए सहमति दे दी। शुक्रवार को साजिद अली बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा। बारातियों के स्वागत के लिए खाना-नाश्ते की पूरी तैयारी भी कर ली गई थी।
बस्ती में दलित घर पहुंची मुस्लिम युवक की बारात:हिंदू संगठनों के विरोध के बाद दूल्हा-बाराती हिरासत में
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
