पड़री गांव निवासी 60 वर्षीय राकेश पांडेय की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना बीते शुक्रवार को हल्लौर नगरा चौराहे पर हुई थी। परिजनों की तहरीर पर मुंडेरवा थाने में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राकेश पांडेय शुक्रवार, 21 नवंबर को हल्लौर नगरा स्थित बैंक की शाखा से पैसे निकालने जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे सड़क पार करते समय बनकटी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में उन्हें एम्बुलेंस की मदद से मुंडेरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण बस्ती के चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजन शव लेकर मुंडेरवा थाने पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने दिवंगत के बेटे आकाश पांडेय की तहरीर के आधार पर हल्लौर नगरा निवासी 16 वर्षीय गौरव पुत्र महेंद्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 281/106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राकेश पांडेय अपने पीछे पत्नी विदेश्वरी देवी, बेटे आकाश और सत्यम, तथा बेटी मुस्कान को छोड़ गए हैं।
बस्ती में सड़क दुर्घटना में घायल की मौत:हल्लौर नगरा चौराहे पर हुआ था हादसा,अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम; आरोपी पर मुकदमा दर्ज
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
