बहराइच में जेल में बंद वृद्ध कैदी की मौत:इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम, कल हुए थे भर्ती

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बहराइच के जिला कारागार में बंद हत्या के प्रयास के एक मामले के वृद्ध कैदी की रविवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 72 वर्षीय सुरेंद्र सिंह को शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुरेंद्र सिंह हुजूरपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे। उनके खिलाफ लगभग 20 वर्ष पूर्व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। जमानत मिलने के बाद वह काफी समय से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते न्यायालय ने वारंट जारी किया था। पुलिस ने उन्हें बीते 25 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया था। वृद्धावस्था के कारण सुरेंद्र सिंह अक्सर अस्वस्थ रहते थे। शनिवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक खराब हो गई, जिसके बाद कारागार प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जिला कारागार के जेलर अजय झा ने बताया कि सुरेंद्र सिंह अधिक उम्र के साथ-साथ मानसिक रूप से भी बीमार थे। तबीयत खराब होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *