बहु के लेखपाल से अवैध सम्बन्ध,ससुर ने कराई रिपोर्ट:एसएसपी के आदेश पर पुत्रवधू और उसके मायके वालों पर मुकदमा दर्ज

📅 Published: November 29, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड सैनिक ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। आरोपों में अवैध संबंध, दहेज उत्पीड़न का फर्जी मामला दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी देना शामिल है। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीलीभीत बाईपास रोड की एक कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड सैनिक ने बताया कि उनके बेटे की शादी 2 फरवरी 2024 को पीलीभीत निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही घर में तनाव बढ़ने लगा। सैनिक के अनुसार, उन्हें पता चला कि उनकी बहू के एक लेखपाल से अवैध संबंध हैं। इस बात का खुलासा लेखपाल की पत्नी द्वारा भेजे गए चैटिंग के स्क्रीनशॉट से हुआ। अवैध संबंधों की जानकारी सामने आने के बाद पारिवारिक विवाद बढ़ गया। इसके बाद बहू घर से जेवर लेकर अपने मायके चली गई। उसने पीलीभीत के बिलसंडा थाने में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और भरण-पोषण से संबंधित मामले दर्ज करा दिए। रिटायर्ड सैनिक के अनुसार, 10 नवंबर को बहू दोबारा घर आई। उसने अभद्रता की और धमकी देने के बाद अपना सारा सामान लेकर चली गई। आरोप है कि इसके बाद बहू के पिता और भाई ने फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के आदेश पर बारादरी थाने में रिटायर्ड सैनिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *