बागपत के सूरजपुर महनवा संपर्क मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि कार में सवार सभी सात युवक सुरक्षित बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, निशांत, टोनी, फरमान, रियासत, अरमान, शेरखान और महबूब हरियाणा से पांची गांव बारात में शामिल होने जा रहे थे। ये सभी कार में सवार थे। कार जैसे ही सूरजपुर महनवा मार्ग स्थित तालाब के पास पहुंची, चालक ने सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान कार पर से नियंत्रण हट गया और वह सड़क से फिसलकर सीधे तालाब में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के तालाब में गिरते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार के शीशे तोड़कर युवकों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में सभी युवक सुरक्षित बाहर आ गए। बाद में ग्रामीणों ने रस्सी और ट्रैक्टर की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग बेहद खराब स्थिति में है और संकरा होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
बागपत में स्विफ्ट कार तालाब में गिरी:लोगों ने कार सवार 7 लोगों की बचाई जान
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
