बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से ठग ने दो सोने की अंगूठियां लूट लीं। आरोपी ने पहले महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और खुद को उनके बेटे का दोस्त बताया। यह घटना 20 नवंबर की सुबह हुई, जब 75 वर्षीय लता गुप्ता मंदिर से लौट रही थीं। नगर के मुंशी पाड़ा निवासी सुरेंद्र मोहन स्वरूप ने बताया कि उनकी पत्नी लता गुप्ता मंदिर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक उनके पास आया। उसने लता गुप्ता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और खुद को उनके बेटे कपिल मोहन का परिचित बताया। युवक ने कहा कि बेटे ने चूड़ी बनवाने के लिए अंगूठियां मंगवाई हैं। लता गुप्ता ने युवक को पहचानने से इनकार करते हुए विरोध किया, लेकिन युवक उन्हें एक गली में ले गया। वहां उसने जबरन उनकी दोनों सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। इनमें एक लाल मूंगे की और दूसरी पुखराज नग वाली अंगूठी शामिल थी। महिला ने मदद के लिए चीख-पुकार भी की, लेकिन आसपास से कोई सहायता नहीं मिली। घटना के बाद रोते-बिलखते घर लौटी महिला ने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला, जबकि आसपास की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। पीड़िता के पति सुरेंद्र मोहन स्वरूप की शिकायत पर पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली हैं। एएसपी ऋजुल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुजुर्ग महिला से दो सोने की अंगूठियां लूटीं:बेटे का दोस्त बताकर पैर छूकर आशीर्वाद लिया, फिर गहने लेकर फरार हो गए
📅 Published: November 29, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
