बुलंदशहर परिक्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने ‘ऑपरेशन नकेल’ नामक एक विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान 23 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक चलाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। बुलंदशहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कई कड़े नियम लागू किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को प्रभावित करेंगे। अभियान के अंतर्गत, जिन वाहन चालकों के पांच से अधिक चालान लंबित हैं, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। नियत समय पर जुर्माना न भरने पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिन वाहनों से दुर्घटना हुई है और लोग घायल या मृत हुए हैं, उनके वाहन स्वामी और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएंगे। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि रेड लाइट जंप करना, शराब पीकर वाहन चलाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग करना और निर्धारित गति सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात अपराधों में भी ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। फर्जी रजिस्ट्रेशन या परमिट वाले वाहनों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर में 'ऑपरेशन नकेल' शुरू:5 से अधिक चालान पर लाइसेंस रद्द होगा, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कार्रवाई
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
