बुलंदशहर में बुजुर्ग का शव तालाब में मिला:चार दिन से लापता था, बारात में शामिल होने आया था; शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बुलंदशहर के अहार थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग का शव तालाब में उतराता हुआ मिला। वह चार दिन पूर्व एक बारात में शामिल होने आए थे और तभी से लापता थे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात को गांव जटपुरा निवासी राधे की बेटी की बारात खुर्जा क्षेत्र के गांव भिंडौर से आई थी। इसी बारात में दूल्हे पक्ष से 62 वर्षीय सतवीर पुत्र टूकिराम भी शामिल होने आए थे। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद बारात दुल्हन को लेकर भिंडौर वापस लौट गई थी। बारात में शामिल होने आए सतवीर सिंह जब अपने घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने तभी से उनकी तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका था। बुधवार दोपहर को गांव जटपुरा के कुछ लोगों ने गांव के बीच बने तालाब में एक शव को उतराता हुआ देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल थाना पुलिस को दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की पहचान सतवीर सिंह के रूप में हुई। सूचना पाकर सतवीर सिंह के परिजन भी गांव जटपुरा पहुंच गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण पता चल पाएगा। मामले की जांच की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *