बुलंदशहर में लिफ्ट देकर वृद्धा से कुण्डल लूटे:आरोपी ने बेटे का दोस्त बताकर दिया वारदात को अंजाम

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से सोने के कुण्डल लूट लिए गए। स्कूटी सवार एक ठग ने महिला को लिफ्ट देने के बहाने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने खुद को महिला के बेटे का दोस्त बताया था। यह घटना 24 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे हुई। नगर के सुशीला विहार निवासी अंगूरी देवी पत्नी दीपचंद अपने घर से जिला अस्पताल जा रही थीं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक उनके पास आया। उसने अंगूरी देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और खुद को उनके बेटे का दोस्त बताया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें लिफ्ट दी। कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने स्कूटी खराब होने का बहाना बनाया। उसने महिला के कुण्डलों की तारीफ करते हुए कहा कि उसे भी अपनी पत्नी के लिए ऐसे ही कुण्डल बनवाने हैं। इसके बाद आरोपी ने फोटो खींचने के बहाने महिला के कुण्डल लूट लिए और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने घर लौटकर परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आसपास की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी का पता नहीं चल पाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। एएसपी ऋजुल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *