मैनपुरी में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष साधना तिवारी को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने भोगांव थाने में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साधना तिवारी, जो शहर की राजा बाग कॉलोनी में रहती हैं। बताया कि उन्हें आदेश यादव नामक युवक ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कॉलर ने कथित तौर पर कहा कि वह उन्हें एके-47 से गोली मारकर “चिथड़े उड़ा देगा”। साधना तिवारी के पास इस धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। जांच में पता चला कि आरोपी युवक भोगांव थाना क्षेत्र के नगला तुली का निवासी है। इस घटना के बाद साधना तिवारी ने तत्काल उच्च अधिकारियों, संगठन पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन को सूचित किया। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी युवक पहले भी उन पर झूठे आरोप लगा चुका है। कई बार अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर चुका है। साधना तिवारी ने अपनी जान को वास्तविक खतरा बताते हुए कहा कि एक काउंसलर के तौर पर उन्हें अक्सर सरकारी दफ्तरों और कार्यक्रमों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। SP गणेश प्रसाद साहा ने मामले का संज्ञान लिया और भोगांव पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। भोगांव पुलिस के अनुसार, आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है। भाजपा महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारियों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों को इस तरह धमकाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और महिला पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष को AK-47 से उड़ाने की धमकी:साधना तिवारी की शिकायत पर FIR, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
