मथुरा के थाना गोविन्दनगर पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 22,710 रुपए नकद, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में उपयोग की गई अर्टिगा कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील पुत्र हनीफ निवासी श्यामनगर, लिसाढ़ी, जिला मेरठ, हाल निवासी रिहान गार्डन उज्जवल कॉलोनी, थाना लिसाढ़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार, यह मामला 31 अक्टूबर 2025 को दर्ज किया गया था। वादी ने अपने घर में हुई चोरी की घटना की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर गोविन्दनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान, 28 नवंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी हनुमान जी मंदिर के पास सड़क किनारे मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शकील को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पीली धातु की अंगूठी, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, 22,710 रुपए नकद, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी में प्रयुक्त अर्टिगा कार बरामद की। बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक अतिरिक्त मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शकील एक शातिर और सक्रिय अपराधी है। उसके खिलाफ मेरठ और मथुरा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 14 से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। आरोपी शकील को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मथुरा पुलिस ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार:सोने-चांदी, नकदी और अवैध हथियार सहित अर्टिगा कार बरामद
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
