महिला का पैर छूकर ठग लिए सोने के कंगन:दूध लेने जा रही थी, आरोपी रोककर बोला- आपके बेटे ने भेजा है

📅 Published: November 30, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बुलंदशहर में महिलाओं से जेवरात ठगी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। नगर के सुशीला विहार में एक महिला से सोने के कंगन ठग लिए गए। आरोपी ने महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर ठगी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी घटना है, जहां इसी तरह से महिलाओं को निशाना बनाया गया है। सुशीला विहार फेस टू कॉलोनी निवासी गौरव कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर की सुबह उनकी मां पुष्पलता दूध लेने जा रही थीं। रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोका और पैर छूकर कहा कि उनके बड़े बेटे ने कंगन का माप लेने के लिए भेजा है। इसके बाद आरोपी ने पुष्पलता देवी से उनके सोने के कंगन उतरवा लिए और मौके से भाग गया। जब महिला ने शोर मचाया तो बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर क्षेत्र में महिलाओं से जेवरात ठगी की यह तीसरी वारदात है। गिरोह के सदस्य पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। ठगी की तीनों ही वारदातों में आरोपियों ने एक जैसा तरीका अपनाया है। एएसपी ऋजुल ने बताया कि कुछ सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए फुटेज की छानबीन की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *