पीलीभीत के पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस के इज्जतनगर तक विस्तार कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। यह घटना रेल मंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के तुरंत बाद हुई। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तत्परता से महिला को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना को अंजाम देने वाली महिला की पहचान पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा लाइन निवासी गंगा उर्फ मन्नत (पत्नी सवाब) के रूप में हुई है। महिला के परिजनों ने बताया कि उसका अपने जेठ के साथ मकान को लेकर लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा है। गंगा उर्फ मन्नत का आरोप है कि उसने इस संबंध में पूरनपुर पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह हताश थी। अपनी हताशा के कारण गंगा उर्फ मन्नत रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ समारोह के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे। ट्रेन के शुरू होते ही महिला अचानक पटरी पर कूद गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए महिला को पटरी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद स्टेशन पर लगभग आधे घंटे तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न करने के कारण ही महिला को यह कदम उठाना पड़ा। सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी स्टेशन पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ घर ले गए।
महिला ने चलती ट्रेन के आगे छलांग लगाई:गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस के विस्तार समारोह में हंगामा, आरपीएफ ने बचाया
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
