महोबा में नाले के विवाद पर दो पक्षों में मारपीट:पुलिस और राजस्व टीम के सामने हुई झड़प, जांच जारी

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

महोबा के खरेला थाना क्षेत्र के बराय गांव में नाले के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह घटना पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि गांव में नाले के निर्माण को लेकर ग्रामीणों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद उस समय बढ़ गया जब ग्राम प्रधान पुलिस और राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचा। घटना के संबंध में बराय गांव की अनुसूचित जाति की महिला देवकुमारी और रजनी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान जबरन उनके घर के आंगन के अंदर से नाला निर्माण करवाना चाहता है, जबकि वह जगह उनकी निजी भूमि है। रजनी के अनुसार, जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया, तो ग्राम प्रधान खरेला थाने की पुलिस, नायब तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी और लेखपाल को साथ लेकर उनके घर पहुंच गया। दबाव बनाने के दौरान जब उन्होंने विरोध जताया, तो ग्राम प्रधान और उसके परिजन भड़क गए। पुलिस की मौजूदगी में ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक महिला अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि दोनों पक्षों में तीखी झड़प के बाद अचानक एक पक्ष हमला कर देता है, जिसके बाद दूसरा पक्ष भी उलझ पड़ता है। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि नाले के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि जिसने जानबूझकर विवाद को बढ़ाया और मारपीट की, उन पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *