महोबा के श्रीनगर क्षेत्र में सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) में कार्यरत एक सहायक बीएलओ का बुधवार को एक कुएं से शव बरामद हुआ। परिजनों ने SIR के दबाव में आत्महत्या करने की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक शंकरलाल सोमवार शाम हर रोज की तरह गांव के बाहर गए हुए थे। इसके बाद से लापता थे। देर रात तक घर नहीं लौटे। उनका कही कोई अता पता न लगने पर परिजनों द्वारा तलाश की गयी। बुधवार को शाम शव कुएं में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कुएं से बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना से परिजन, ग्रामीणों और सहकर्मियों में आक्रोश है। पढ़िए पूरा मामला… दरअसल पवा गांव के सरकारी स्कूल में शंकरलाल राजपूत शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। 17 नवंबर से उन्हें SIR कार्य के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) बृजेंद्र सिंह के सहायक के रूप में तैनात किया गया था। उन्हें घर-घर जाकर फॉर्म भरने, मतदाताओं की जानकारी एकत्र करने और ऑनलाइन प्रविष्टि करने जैसी जिम्मेदारियां दी गई थीं। परिजनों ने आरोप लगाया कि शंकरलाल पर प्रतिदिन 100 फॉर्म भरने का लक्ष्य पूरा करने का लगातार दबाव था। वे अक्सर घर पर भी बढ़ते काम के बोझ और अधिकारियों के दबाव की बात करते थे। बेटी अंजनी के अनुसार, अधिकारी जल्द काम पूरा करने का दबाव डालते थे। जिससे उनके पिता रात में भी ठीक से सो नहीं पाते थे। सोमवार शाम को शंकरलाल घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। बुधवार को उनका शव कुएं में मिला। मृतक के भतीजे बृजेंद्र और जितेंद्र का कहना है कि अत्यधिक काम और मानसिक तनाव के कारण ही उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया। BLO बृजेंद्र सिंह ने भी SIR कार्य के दबाव को स्वीकार किया। उनके अनुसार, उन्हें और शंकरलाल को कुल 1344 मतदाताओं के फॉर्म भरने की जिम्मेदारी दी गई थी। घर-घर जाकर जानकारी जुटाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। कई बार लोगों की अभद्र भाषा और गाली-गलौज का भी सामना करना पड़ता है, जिससे मानसिक तनाव और बढ़ जाता है। अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द काम पूरा करने के दबाव को शंकरलाल सहन नहीं कर सके। प्रधानाचार्य नूतन कुमार मिश्रा ने भी स्वीकार किया कि SIR कार्य के कारण शिक्षकों और सहायक कर्मियों पर अत्यधिक कार्यभार है। पिछले पांच दिनों से विद्यालय में रात-दिन रुककर काम किया जा रहा है। जिस कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया की परिजनों से सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शंकर लाल के शव को कुएं से निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। एबीएलओ ने खुदकुशी की यह अभी स्पष्ट नहीं है।
महोबा में SIR के दबाव में शिक्षामित्र ने की आत्महत्या:कुएं में मिला शव, 2 दिन से घर से था गायब; ग्रामीणों में आक्रोश
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
