मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत चेकसारी में एक 25 वर्षीय युवक हर्ष सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना लल्लन यादव की मशीन के पास पोखरे पर हुई। हर्ष सिंह ग्राम पंचायत बल्लीपरवा के राजस्व गांव पुरवा का निवासी था। जानकारी के अनुसार, हर्ष सिंह शाम को अपने घर से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक दोस्त के यहां ‘बाटी चोखा’ कार्यक्रम में शामिल होने निकला था। देर रात करीब 10 बजे उसके पिता अनिल सिंह को सूचना मिली कि हर्ष सिंह ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली है, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। चील्ह पुलिस के उप निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने तत्काल शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिया है। पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही कर रही है। मृतक के पिता अनिल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। हर्ष सिंह अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था, उसकी एक बड़ी बहन भी है। पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो पाएगा।
मिर्जापुर में 25 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत:मृतक के पिता का आरोप बेटे की हत्या की गई, जांच में जुटी पुलिस
📅 Published: November 28, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
