आगरा में कई देशों के मुख्य न्यायाधीशों ने ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल देखने के बाद इन सभी ने आगरा किला भी देखा। दोनों स्मारकों के इतिहास, वास्तुकला की जानकारी ली। शाम को मुख्य न्यायाधीशों का दल दिल्ली लौट गया। मंगलवार को दिल्ली से सड़क मार्ग से भूटान, केन्या, मलेशिया, मारीशस, नेपाल और श्रीलंका के मुख्य न्यायाधीश ताजमहल देखने पहुंचे। ताजमहल को देखते ही सबके मुंह से सिर्फ वाऊ निकला। सभी ने ताजमहल की सुंदरता की तारीफ करते हुए कहा कि इससे सुंदर कुछ नहीं देखा। डेढ़ घंटे से अधिक समय तक ताजमहल में वह रहे और स्मारक के बारे में जाना। ताजमहल के इतिहास, वास्तुकला, उसमें लगे पत्थर, पच्चीकारी की जानकारी ली। साथ ही वहां ढेर फोटो खिंचवाई। इसके बाद सभी आगरा किला पहुंचे। एक घंटे आगरा किला में बिताया। यहां उन्होंने दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, जहांगीरी महल समेत अन्य स्मारक देखे। आगरा किला की खाई, उससे जुड़े किस्सों की जानकारी ली। जहां से शाहजहां ताजमहल देखा करता था, उसकी भी जानकारी ली। शाम को ही दल वापस दिल्ली लौट गया। यह सभी दिल्ली में हुए दुनिया के मुख्य न्यायाधीशों के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने आए थे। सिटी मोंटेसरी स्कूल सोसायटी नई दिल्ली के तत्वाधान में 26 वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ चीफ जस्टिस ऑफ़ द वर्ल्ड का आयोजन दिल्ली में कराया गया था। 47 देशों के मुख्य न्यायाधीश, न्यायविद और विशिष्ट अतिथि दिल्ली पहुंचे थे। 20 दिसंबर को 126 वीवीआईपी गेस्ट ने ताजमहल देखा था।
मुख्य न्यायाधीशों ने देखा ताज, बोले- इससे सुंदर कुछ नहीं:आगरा पहुंचे थे कई देशों के मुख्य न्यायाधीश, दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लेने आए थे भाग
📅 Published: November 25, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
