मुरादाबाद में स्कूल बस ड्राइवर का मर्डर:घर के भीतर चारपाई पर मिली डेडबॉडी,कनपटी पर सटाकर मारी गई गोली,पत्नी मायके गई थी

📅 Published: December 2, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मुरादाबाद में एक स्कूल बस ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ड्राइवर रूपेंद्र सिंह (35 साल) की लाश उसके घर में चारपाई पर पड़ी मिली है। उसे सिर में कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई है। घटनास्थल पर पुलिस को एक खोखा भी मिला है। घटना के समय बस चालक घर में अकेला था। घटना मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में नया गांव बहादुरनगर की है। यहां रहने वाला रूपेंद्र सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह चौहान एक स्कूल की बस चलाता था। वह रोजाना बच्चों को आसपास के गांवों से लेकर बस से रामपुर घोघर स्थित प्राइवेट स्कूल तक ड्रॉप करता था। 2 दिन पहले ही उसने अपनी पत्नी और 2 बच्चों को मायके में ड्रॉप किया था। तब से वह घर पर अकेला ही था। रूपेंद्र रोजाना सुबह में ही स्कूली बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए जल्दी अपने घर से निकल जाता था। लेकिन मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक भी वह घर से बाहर नहीं आया। इस बीच रूपेंद्र का चचेरा भाई नवनीत किसी काम से उसके घर पहुंचा। उसने देखा कि रूपेंद्र के कमरे का जाली का दरवाजा भिड़ा हुआ था। उसे कुछ शक हुआ तो उसने दरवाजा खोलकर अंदर देखा। नवनीत ने अंदर कमरे में झांककर देखा तो रूपेंद्र चारपाई पर औंधे मुंह पड़ा था। पास जाकर देखा तो जमीन पर खून बिखरा था। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए। तुरंत पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सीओ आशीष प्रताप सिंह और ठाकुरद्वारा कोतवाली प्रभारी मनोज पंवार मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि रूपेंद्र के परिवार में उसकी पत्नी अंशु और 2 बच्चे आंचल(5 साल) और आशुतोष(4 साल) हैं। परिवार ने बताया कि दो दिन पहले ही रूपेंद्र पत्नी को बच्चों समेत उसके मायके ठाकुरद्वारा के गांव लोंगी खुर्द में पहुंचाकर आया था। रूपेंद्र के पिता ने दो शादियां की थीं। उसकी सगी मां की मौत हो चुकी है। सौतेली मां के साथ पिता पड़ोस में बने घर में रहता है।
रूपेंद्र के एक सगी बहन है जिसका नाम अर्चना है। इसके अलावा उसके एक सौतेला भाई और 4 सौतेली बहनें भी हैं। एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने दैनिक भास्कर से कहा- प्राथमिक छानबीन में ये साफ हो गया है कि ये आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का मामला है। फिलहाल हमारी नजर में 3-4 संदिग्ध हैं। पुलिस हर एंगल से काम कर रही है। जल्द इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *