मुहम्मदाबाद में दुकान में आग से युवक की मौत:वैवाहिक कार्यक्रम से लौटकर सोया था, झुलसकर गई जान

📅 Published: December 1, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके की ग्राम पंचायत राजापुर के सरायगंधु गांव में एक दुकान के अंदर आग लगने से सोए हुए 19 वर्षीय युवक प्रिंस यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। प्रिंस यादव अपने चचेरे भाई विकास यादव के साथ जयमाल सेट और सजावट के काम में मजदूरी करता था। रविवार रात करीब तीन बजे वह एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौटा था। उसने सामान गांव के पूरब स्थित दुकान में रखा और शटर बंद कर अंदर सो गया। इसी दौरान किसी समय दुकान के अंदर आग लग गई। सोमवार सुबह करीब छह बजे जब लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखा, तो उन्होंने शटर खोलकर देखा। प्रिंस बुरी तरह झुलसा हुआ मृत पड़ा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक प्रिंस यादव अविवाहित था। उसके परिवार में मां रजवती देवी, भाई अभिषेक यादव और बहनें लक्ष्मी यादव व आरती यादव हैं। पिता की मृत्यु के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी प्रिंस के कंधों पर थी, जिसमें छोटे भाई और दो बहनों के विवाह की जिम्मेदारी भी शामिल थी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। अभिषेक यादव ने करीमुद्दीनपुर थाने में अज्ञात कारणों से आग लगने से मौत की तहरीर दी है। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने इसकी पुष्टि की। ग्राम प्रधान अश्वनी राय ने बताया कि युवक एक गरीब परिवार से था। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *