मेरठ पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर अमित मरिंडा के गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के सक्रिय सदस्य नीरज शर्मा उर्फ टिल्लू पंडित की थाना मेडिकल में हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इस कार्रवाई के बाद गिरोह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। टिल्लू पंडित लंबे समय से मेरठ में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना नौचंदी क्षेत्र से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी रह चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, टिल्लू कुख्यात गैंगस्टर अमित मरिंडा का पुराना और करीबी साथी है। दोनों कई वर्षों से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। टिल्लू पंडित और अमित मरिंडा पर पहले भी कई बड़े मामले दर्ज हैं। उन्हें थाना मेडिकल क्षेत्र में हुए प्रशांत चौधरी उर्फ रोबिन हत्याकांड में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इस मामले के बाद से पुलिस उनके नेटवर्क की लगातार जांच कर रही है। पिछले वर्ष दोनों ने थाना नौचंदी क्षेत्र में मकान के कब्जे को लेकर खुलेआम फायरिंग की थी, जिसके बाद एसएसपी ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि टिल्लू, अमित मरिंडा के डी-155 गिरोह का सक्रिय सदस्य है। मेडिकल थाना क्षेत्र में उसकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। इलाके में गिरोह की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर पुलिस ने टिल्लू पंडित को अब निगरानी के दायरे में रखा है। बताया जा रहा है कि टिल्लू पंडित के पारिवारिक रसूख भी हैं, क्योंकि उसका जीजा भाजपा से पार्षद है। इस कारण उसकी गतिविधियों पर अब अधिक सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का मानना है कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद टिल्लू की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और गिरोह पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ पुलिस का गैंगस्टर अमित मरिंडा गैंग पर एक्शन:सक्रिय सदस्य टिल्लू पंडित की मेडिकल थाने में खुली हिस्ट्रीशीट
📅 Published: December 3, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
