मेले में 15 करोड़ श्रद्धालुओं लिए पार्किंग सुविधा:प्रयागराज में 42 पार्किंग स्थलों में 1.38 लाख वाहन पार्क होंगे

📅 Published: November 25, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

माघ मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग को लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। मेला प्रशासन ने 42 नए पार्किंग स्थल तैयार कराए हैं। जहां करीब 1,38,215 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इनमें से ज्यादातर पार्किंग स्थल मेला क्षेत्र से महज 1 से 2 किलोमीटर की दूरी पर बनाए गए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को कम पैदल चलना पड़ेगा। प्रशासन का दावा है कि इस बार आवागमन में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने भी अनुमान जताया है कि करीब 15 करोड़ श्रद्धालु माघ मेले में पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों के लिए चार प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। जौनपुर-वाराणसी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झूसी क्षेत्र में 10 पार्किंग बनेंगी। इनमें ओल्ड जीटी कछार, सरस्वती पार्किंग झूसी स्टेशन के पास, पुरानी पाठशाला छतनाग, महुआबाग, त्रिवेणीपुरम के पूर्वी और पश्चिमी गेट, चीनी मिल, पूरे सूरदास, नागेश्वर मंदिर और गंगाघाट शामिल हैं। वहीं, मिर्जापुर-रीवा-चित्रकूट मार्ग के वाहनों के लिए अरैल क्षेत्र में 9 पार्किंग स्थलों की तैयारी चल रही है। इनमें गजिया, नव प्रयागम प्रथम-द्वितीय-विस्तार, यीशु दरबार, देवरख उपरहार, ओमेक्स सिटी और डीपीएस कछार शामिल हैं। यहां करीब 47 हजार वाहनों के खड़े होने की जगह होगी। कानपुर, मेरठ और दिल्ली से आने वाले वाहनों के लिए सीएवी इंटर कॉलेज, जीआईसी इंटर कॉलेज, सीएमपी कॉलेज मैदान, राजकीय मुद्रणालय और ईसीसी कॉलेज मैदान सहित कई जगह पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा बक्शी बांध कछार, छोटा-बड़ा बघाड़ा, कर्नलगंज इंटर कॉलेज, भारत स्काउट गाइड मैदान और आईईआरटी पार्किंग में तकरीबन 25 हजार वाहनों को जगह मिलेगी। मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि केवल आठ से दस पार्किंग स्थल ही ऐसे हैं जो तीन से पांच किलोमीटर की दूरी पर हैं। बाकी सभी सुविधाजनक दूरी पर होने से श्रद्धालुओं को इस बार कहीं ज्यादा सुविधा मिलेगी। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के अनुसार, यह व्यवस्था भीड़ प्रबंधन के साथ सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *