युवक का पेड़ से फंदे पर लटका मिला शव:संतकबीरनगर में परिजनों से विवाद के बाद घर से निकला था बाहर

📅 Published: November 26, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान चपरा पूर्वी निवासी राहुल कन्नौजिया पुत्र राजकरन कन्नौजिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह किसी बात को लेकर राहुल का अपने परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर राहुल गुस्से में घर से निकल गया और परिजनों से आत्महत्या करने की बात भी कही थी। बताया जा रहा है कि वह घर से अपनी मां की साड़ी लेकर निकलते समय काफी आक्रोशित था, लेकिन परिजनों ने उसकी धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। लगभग दो घंटे बाद ग्राम बईसा स्थित एक बाग में ग्रामीणों ने राहुल का शव पेड़ से लटका देखा तो सभी दंग रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *